पहले चरण का काम अब 31 जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य, मार्च से शुरू होगा दूसरा चरण
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत निर्माणाधीन तवी रिवर फ्रंट का काम डेडलाइन में उलझता जा रहा है। पहले चरण का काम अब तीसरी डेडलाइन में पूरा होगा। 31 जनवरी तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मौजूदा समय में दस फीसदी काम शेष, जिसे पूरा करने में तीन माह का समय लगेगा।
मार्च से दूसरे चरण का काम शुरू करने का लक्ष्य स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत निर्धारित किया गया है। रिटेनिंग बाल का काम जारी है। तवी रिवर फ्रंट पर काम 12 फरवरी 2022 को शुरू हुआ था, जिसे जून 2023 में पूरा किया जाना था। इसके बाद दिसंबर 2023 और फिर अक्तूबर 2024 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया।
अब तीसरी डेडलाइन में काम पूरा किया जाएगा। पहले टेंडर प्रक्रियाओं में देरी और प्राकृतिक बाधाओं के कारण काम में देरी होती रही। रिटेनिंग बाल के निर्माण के बाद साइकिलिंग ट्रैक, जॉगिंग ट्रैक, वॉक-वे, बैठने की जगह, विद्युतीकरण के साथ चार रेस्तरां का निर्माण किया जाएगा। साथ ही इंटरसेप्टर ड्रेन और एसटीपी का निर्माण भी होना है। काम के बाद फ्रंट को नई लुक मिलेगी।
कुल 3.5 किलोमीटर होगा काम
फ्रंट का काम दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में भगवती नगर पुल से बिक्रम चौक पुल तक तवी नदी के दोनों तरफ 3.5 किमी कार्य होगा। इसमें डायाफ्राम दीवार, रिटेनिंग ड्रेन, एंकर स्लैब, बाएं व दाएं तटबंध और मध्य द्वीप के लिए इंटरसेप्टर ड्रेन व पियर प्रोटेक्शन का काम होगा। दूसरे चरण में तवी पुल बिक्रम चौक से गुज्जर नगर पुल तक काम होगा।
जनवरी तक पहले चरण में काम पूरा किया जएगा। अभी भी दस फीसदी काम शेष है। बरसात के चलते काम में देरी हुई है। मार्च माह से दूसरे चरण में काम आरंभ होगा।
- सुनील ठुस्सू, परियोजना निदेशक, स्मार्ट सिटी जम्मू