संवाद न्यूज एजेंसी
कुपवाड़ा। पुलिस ने सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत टी-20 नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल गलिजू स्टेडियममें आयोजित किया। टूर्नामेंट में जिले के विभिन्न हिस्सों से 16 टीमों ने भागीदारी की। फ्रेंड्स इलेवन लोलाब और कोचिंग सेंटर कुपवाड़ा के बीच फाइनल मुकाबला रोमांचक सुपर ओवर तक पहुंचा।
इसमें फ्रेंड्स इलेवन लोलाब ने खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में एसएसपी कुपवाड़ा गुलाम जीलानी वानी (जेकेपीएस), एएसपी श्री जी.एम. भट (जेकेपीएस), इंस्पेक्टर रियाज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुरस्कार वितरण के दौरान एसएसपी कुपवाड़ा ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, स्मृति चिह्न और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही खिलाड़ियों की प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की।
एसएसपी गुलाम जीलानी वानी ने घोषणा की कि कुपवाड़ा पुलिस जल्द ही स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं में सकारात्मकता व स्वास्थ्य की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विविध खेल गतिविधियों की शुरुआत करेगी।