नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशा तस्करी में इस्तेमाल हुए पांच वाहन जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सांबा पुलिस ने बुधवार सुबह बाड़ी ब्राह्मणा के बलोल खड्ड और गुज्जर बस्ती इलाके में बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई में 12 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। नशा तस्करी में इस्तेमाल होने वाले पांच वाहनों को भी जब्त कर लिया गया।
एसडीपीओ और एसएचओ बाड़ी ब्राह्मणा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का मकसद उन लोगों की पहचान करना था, जो नौ अप्रैल को पुलिसकर्मियों पर हमले में शामिल थे। इस हमले में एसएचओ और एक एसआई घायल हो गए थे।
सुबह सात बजे शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बलोल खड्ड और गुज्जर बस्ती में कई ठिकानों की तलाशी ली और कुछ आपत्तिजनक सामान बरामद किया। पुलिस ने इस छापेमारी की जानकारी खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर की थी।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई 14 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत की गई है। डीजीपी ने मवेशी और मादक पदार्थों की तस्करी तथा पुलिसकर्मियों पर हमले के मामलों में कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए थे।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पुलिस नशा तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को जब्त करने के साथ-साथ इस अवैध कारोबार से अर्जित की गई संपत्ति को भी नष्ट कर सकती है। बलोल खड्ड में पुलिसकर्मियों पर हमले के बाद से इलाके में तनाव बना हुआ है। स्थानीय विधायक चंद्र प्रकाश गंगा ने इस मामले को उपराज्यपाल के नोटिस में भी लाया था।
पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि नशा तस्करी और पुलिस पर हमले में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इस तरह की बड़ी कार्रवाइयां जारी रखी जाएंगी।