जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। घाटी शीतलहर की चपेट में है। जम्मू में कोहरे की चादर बिछने और सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ी है। इस बीच रामबन के केला मोड़ में पुल के एक हिस्से के धंस जाने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सोमवार दूसरे दिन भी नहीं खुल पाया है। इससे पहले विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन, पत्थर गिरने और मलबा आ जाने के कारण हाईवे पांच दिन बंद रहा था।
जिला कुपवाड़ा और बांदीपोरा में निम्न स्तर (येलो अलर्ट) के हिमस्खलन की चेतावनी दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार मंगलवार को मौसम साफ रहेगा। लेकिन कश्मीर में 18-19 जनवरी को फिर बर्फबारी के आसार हैं। कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहने से सर्दी से कोई राहत नहीं मिल पाई। आंतरिक इलाकों में बर्फ नहीं हटने के कारण लोगों की मुसीबतें बरकरार हैं। कश्मीर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। जम्मू में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रामबन के केला मोड़ पर पुल के क्षतिग्रस्त होने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है। पुल की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। यातायात विभाग के अनुसार जम्मू-डोडा-किश्तवाड़, जम्मू-रामबन, मगेरकोट-बनिहाल और बनिहाल-काजीकुंड सड़क मार्ग पर यातायात बहाल है। बर्फबारी के कारण जिला राजोरी और पुंछ को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाला मुगल रोड पहले से ही बंद है। यात्रियों से एनएचडब्ल्यू-44 पर सफर करने से पहले यातायात विभाग की एडवाइजरी पर तवज्जो देने पर जोर दिया गया है।