भारी बर्फबारी के कारण लगातार तीसरे दिन भी जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह से बंद रहा। बर्फबारी और पस्सियों के चलते डोडा और किश्तवाड़ जाने वाले वाहनों को भी नहीं छोड़ा गया। वहीं सैकड़ों की संख्या में वाहनों का जमावड़ा-उधमपुर के जखैनी चौक पर लग गया, जिसके कारण पुलिस और ट्रैफिक विभाग के लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जहां एक तरफ भारी बर्फबारी के चलते स्थानीय लोग बर्फ का मजा लेने के लिए पर्यटन स्थलों की और जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ लगातार तीसरे दिन भी घाटी जाने वाले वाहनों को उधमपुर में ही रोक लिया गया। इसके चलते राज्य में आने वाले पर्यटकों को खासी निराशा हुई है।
पत्नीटाप में हुई बर्फबारी के कारण सड़क मार्ग पर हुई फिसलन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा इसका फैसला लिया गया है। जवाहर टनल क्षेत्र में भी बर्फ के प्रकोप के कारण यातायात को सुचारु कर पाना संभव नहीं हो पाया।
रविवार को भी सैकड़ों की संख्या में घाटी की ओर जाने वाले वाहनों को उधमपुर के जखैनी चौक पर ही रोक दिया गया। हालांकि जिला प्रशासन द्वारा पहले ही घाटी की ओर जाने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी कर घाटी की ओर जाने पर रोक लगाई गई है। पर फिर भी सैकड़ों की संख्या में वाहनों को जम्मू से छोड़ा गया जिन्हें उधमपुर में आकर फंसना पड़ा।
वहीं डोडा व किश्तवाड़ जाने वाले वाहनों को भी उधमपुर में ही रोक लिया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण कई जगहों पर पस्सियां आने से डोडा का रास्ता भी बंद किया गया है। केवल निजी वाहनों को ही पत्नीटाप तक जाने दिया जा रहा है।