राज्य सरकार ने साफ तौर पर कहा है कि रियासत की दोनों राजधानियां जम्मू और श्रीनगर स्मार्ट श्रेणी बनेंगी। इसके लिए डीपीआर बनाने को पैसा जारी कर दिया गया है। यह घोषणा मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने की।
राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी के लिए केंद्र से पत्र आ गया है। उन्होंने पत्र की कापी विपक्ष के नेता उमर अब्दुल्ला को भी सौंपी। इसे पढ़ने के बाद उमर ने आपत्ति जताई कि इस पत्र में कहीं नहीं लिखा है कि दोनों राजधानियां स्मार्ट सिटी में शामिल कर ली गई हैं।
इसमें सिर्फ इतना भर कहा गया है कि दोनों शहरों को स्मार्ट सिटी में शामिल होने के लिए अखिल भारतीय प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका दिया गया है। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने साफ तौर पर कहा था कि रियासत के दोनों शहरों में से किसी एक को ही स्मार्ट सिटी घोषित किया जाएगा।