जम्मू-कश्मीर पुलिस इंटर बटालियन स्पोर्ट्स मीट में दम दिखाने के लिए तैयार
कांस्टेबल सुदेश कुमारी नेशनल प्रतियोगिता में भी ले चुकी हैं हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अगर मन में कुछ कर गुजरने की ठान ली जाए तो मंजिल दूर नहीं होती। उधमपुर निवासी सुदेश कुमारी पुलिस कांस्टेबल के साथ-साथ वेटलिफ्टर भी हैं। वह पांच साल की जुड़वा बेटियों की परवरिश के साथ नौकरी में सामजस्य बिठाकर खेल में सपने को पूरा करने के लिए जीतोड़ मेहनत कर रही हैं।
वह वेट लिफ्टिंग व पॉवर लिफ्टिंग जैसे खेलों में नाम कमाना चाहती हैं। जम्मू में जारी अंतर बटालियन खेलों में वह भाग ले रही हैं। बीते वर्ष भी पुलिस की अंतर बटालियन वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता है। वह 12 वर्ष पहले नेशनल प्रतियोगिता में भाग ले चुकी हैं। उन्हें विश्वास है कि इस बार भी वह गोल्ड जीतने में सफल रहेंगी।
12 साल पहले खेलों की तरफ बढ़ा रुझान
उन्होंने बताया कि करीब 12 वर्ष खेलों के प्रति जिज्ञासा बढ़ी। वेट लिफ्टिंग के लिए खुद को सही पाया तो फिटनेस पर ध्यान दिया। रोजाना अभ्यास कर आज वह इस मुकाम तक पहुंची हैं कि पुलिस विभाग के लिए खेल रही हैं। हर वर्ष अंतर बटालियन स्पोर्ट्स मीट प्रतियोगिता में बेहरीन प्रदर्शन रहता है।
वेट लिफ्टिंग में दिखाया था राजस्थान में दम
वेट लिफ्टर सुदेश कुमारी ने बताया कि 12 वर्ष पहले वेट लिफ्टिंग में कदम रखा था। राजस्थान में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उसके बाद कुछ समय तक वह खेल से दूर रहीं। एक बार फिर पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरी हैं। बुधवार को वह पॉवर लिफ्टिंग की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
-
दो जुड़वा बेटियों की मां, जिम्मेदारी भी बड़ी
वेट लिफ्टर सुदेश कुमारी ने बताया कि उनकी दो जुड़वा बेटियां दिव्या व दृष्टि हैं। दोनों को छोड़कर प्रतियोगिताओं में भाग लेना काफी कठिन होता है। एक तरफ एक मां होने का फर्ज निभाना होता है तो दूसरी तरफ विभाग के लिए खेलने का कर्तव्य भी है। ऐसे में दोनों जगह पर सामजस्य बिठाना मुश्किल है, लेकिन कठिन नहीं है। पति महेंद्र सिंह सेना में सूबेदार के पद पर जम्मू में ही तैनात हैं। सुदेश भी जम्मू में ही तैनात हैं।
पुलिस विभाग की कांस्टेबल वेट लिफ्टर सुदेश कुमारी। अमर उजाला