दिल्ली में हुई प्रतियोगिता में हासिल किया ओवरआल तीसरा स्थान
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। 68वें नेशनल स्कूल गेम्स दिल्ली में जम्मू-कश्मीर की गतका टीम ने एक स्वर्ण सहित 10 पदक जीत कर ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल किया। प्रदेश की टीम ने अंडर-19 (बॉयज) और अंडर-17 (बॉयज और गर्ल्स) में भाग लिया था।
प्रतियोगिता में एक स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य पदक जीतने में कामयाबी पाई। राष्ट्रीय खेलों में जम्मू-कश्मीर में कुल 66 पदक जीते हैं। कुलजीत सिंह ने स्वर्ण और राजवीर सिंह, सहक प्रीत कौर, हरजस कौर, हरप्रीत कौर, राजवीर सिंह, अमरजीत सिंह, समन प्रीत सिंह व सहजप्रीत सिंह रजत पदक जीते हैं।
वहीं, जशन प्रीत सिंह, दिलप्रीत, भूपिंदर सिंह, कनवजोत सिंह, कुलजीत सिंह और गुरप्रीत सिंह की टीम, स्नेहा, तानिया और मनप्रीत कौर की टीम, प्रभजोत सिंह, हरकीरत सिंह, सरप्रीत सिंह व दिलप्रीत सिंह की टीम के अलावा नवप्रीत कौर ने व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है।
इसके अलावा तीन एथलीटों ने थांथा में कांस्य पदक और पुंछ के एक एथलीट ने मुक्केबाजी में कांस्य पदक जीता। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के आयुक्त सचिव सरमद हफीज और महानिदेशक युवा सेवाएं एवं खेल राजिंदर सिंह तारा ने पदक विजेताओं और सहयोगी स्टाफ को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।
राष्ट्रीय खेलों में जीते 66 पदक
जम्मू-कश्मीर ने 68वें राष्ट्रीय खेलों में इस सीजन में 66 पदक अपने नाम किए हैं। इसमें तलवारबाजी 16 (तीन स्वर्ण, पांच रजत और आठ कांस्य) पदक, वुशु में 15 पदक (पांच स्वर्ण, छह रजत और चार कांस्य) शमिल हैं। जूडो में सात पदक (चार रजत और तीन कांस्य), ताइक्वांडो में चार पदक (एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य), सॉफ्ट टेनिस में तीन पदक (एक रजत और दो कांस्य), थांगथा में छह पदक (एक स्वर्ण और पांच कांस्य), जिम्नास्टिक दो पदक (दो कांस्य), भारोत्तोलन में दो पदक (एक स्वर्ण और एक कांस्य), गतका में 10 पदक (एक स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य) व मुक्केबाजी में एक पदक जीता है।