नेशनल स्कूल गेम्स में फेंसिंग अंडर-17 के मुकाबले जम्मू विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हॉल में शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। 68वें नेशनल स्कूल गेम्स के तहत अंडर-17 फेंसिंग प्रतियोगिता के मुकाबले रविवार से शुरू हुए। पहले दिन बॉयज की सेबर टीम स्पर्धा में हरियाणा और गर्ल्स फॉयल टीम स्पर्धा में मणिपुर ने स्वर्ण पदक जीते हैं। मेजबान जम्मू-कश्मीर ने बॉयज सेबर टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर सफर की शुरुआत की।
शनिवार को अंडर-14 आयु वर्ग में मुकाबले खत्म होने के बाद रविवार को अंडर-17 के मुकाबले खेले गए। अंडर-17 बॉयज सेबर टीम स्पर्धा में जम्मू-कश्मीर के विनायक शर्मा, देवांश शर्मा, सात्विक बंगोत्रा और वंश रैना की जोड़ी ने शानदार तलवारबाजी कौशल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता।
इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक विजेता वंश, लक्ष्य शर्मा और उज्ज्वल ने जीता। कांस्य पदक गुजरात और इंटरनेशनल बोर्ड स्कूल्स स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन (आईबीएसएसओ) के खाते में गया। अंडर-17 गर्ल्स फॉयल में मणिपुर की ताकेलाम्बन मंगलेबी, मैबाम गीतारानी देवी, लैशोम थोइथोई चानू और हुइनिंगशुम्बन टोनीबिया चानू की चौकड़ी ने स्वर्ण पदक जीता।
रजत पदक सीबीएसई की तलवारबाज कनिष्का, वंदना, युविका सैखेड़कर और नविशा भारद्वाज को मिला। इस स्पर्धा में कांस्य पदक पंजाब और गुजरात को मिले। इस आयोजन में देश भर के 21 राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों से आए अधिकारियों सहित लगभग 600 तलवारबाज हिस्सा ले रहे हैं।
इससे पहले, महानिदेशक युवा सेवाएं एवं खेल राजिंदर सिंह तारा ने खिलाड़ियों से बातचीत की और मुकाबलों का औपचारिक उद्घाटन किया। पूर्व अंतरराष्ट्रीय तलवारबाज और रेफरी राशिद अहमद चौधरी प्रतियोगिता निदेशक हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय तलवारबाज और प्रतिष्ठित कोच उज्ज्वल गुप्ता प्रतियोगिता प्रबंधक हैं।