कारपोरेशन का दावा... जम्मू संभाग में इस बार सर्दियों में नहीं लगेंगे लंबे कट
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बिजली कारपोरेशन ने जम्मू संभाग के लोगों को बिजली कटौती से बचाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। निगम का दावा है कि इस बार बिजली कटौती में कमी आएगी। ट्रांसफार्मर, तार, कंडक्टर आदि की व्यवस्था कर ली गई है।
कारपोरेशन के अनुसार करीब 1800 ट्रांसफार्मर रिजर्व रखे हैं। वहीं, छह हजार कंडक्टर जिलों में भेजे गए हैं। तारों की व्यवस्था भी की गई है। गत साल एक हजार ट्रांसफार्मर रिजर्व रखे गए थे, जबकि तीन हजार कंडक्टर भेजे गए थे।
सर्दी में लोड बढ़ते ही जलते हैं ट्रांसफार्मर
सर्दी के मौसम में लोड बढ़ते ही ट्रांसफार्मर और बिजली तारें जल जाती हैं। ऐसे में समस्या के निदान के लिए आठ से दस घंटे लग जाते हैं। इस बार ट्रांसफार्मर जलने पर नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। सभी बिजली मंडलों में ट्रांसफार्मर सहित अन्य सामान भेज दिया गया है। इससे चार से पांच घंटे में ही बिजली बहाल हो जाएगी। ग्रामीण इलाकों में बिजली कारपोरेशन ने पहले ही उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर स्थापित किए हैं। वहीं, शहर में पुराने तारों को बदला गया है।
कोट
इस बार सर्दी में बिजली कटौती की समस्या से निपटने के लिए 1800 से ज्यादा ट्रांसफार्मर रिजर्व रखे गए हैं। जम्मू शहर में 200 से ज्यादा ट्रांसफार्मर की व्यवस्था रहेगी। सर्दी में लोड बढ़ने से दिक्कत आती है। इस बार पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। लंबे समय तक दिक्कत नहीं होगी।
-केके थापा, मुख्य अभियंता, बिजली कारपोरेशन