68वें नेशनल स्कूल गेम्स : मेजबान जम्मू-कश्मीर गर्ल्स वर्ग में रहा उपविजेता
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। 68वें नेशनल स्कूल गेम्स की फेंसिंग अंडर-14 इवेंट में सबसे ज्यादा पदक और अंक अर्जित कर मणिपुर ओवरऑल चैंपियन बना है। वहीं, मेजबान जम्मू-कश्मीर गर्ल्स वर्ग में उपविजेता रहा। प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर कुल छह पदक जीते हैं। इसमें दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं।
युवा सेवा एवं खेल निदेशालय की ओर से स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के मुकाबले जम्मू विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हॉल में खेले गए। अंडर-14 वर्ग में प्रतियोगिता के अंतिम दिन मेजबान जम्मू-कश्मीर के तलवारबाज देवकरण सिंह व हरनिध सिंह ने सेबर स्पर्धा में एक-एक कांस्य पदक जीता।
इसी स्पर्धा में मणिपुर के थोंगहम किशोरजीत सिंह ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि रजत पदक पंजाब के मनराज सिंह को मिला। प्रतियोगिता में कुल 28 अंकों के साथ मणिपुर अंडर-14 लड़कों में ओवरऑल चैंपियन बना, जबकि हरियाणा 18 अंकों के साथ उपविजेता रहा। डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति 17 अंकों के साथ दूसरी उपविजेता रही।
अंडर-14 बालिका वर्ग की तलवारबाजी में मणिपुर 19 अंक से चैंपियन बना, जबकि जम्मू-कश्मीर 18 अंक अर्जित कर उपविजेता रहा। महाराष्ट्र 14 अंकों के साथ इस वर्ग में दूसरे स्थान पर रहा। पुरस्कार वितरण समारोह में महानिदेशक युवा सेवाएं एवं खेल राजिंदर सिंह तारा मुख्य अतिथि थे।
उन्होंने अन्य अधिकारियों के साथ पदक प्रदान किए। तलवारबाजों के साथ बातचीत की और उन्हें शुभकामनाएं।