नेशनल स्कूल गेम्स: वुशू प्रतियोगिता के दूसरे दिन 56 किलोभार वर्ग में जम्मू-कश्मीर आयान ने जीते दो मुकाबले
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। 68वीं नेशनल स्कूल गेम्स में वुशू प्रतियोगिता जारी है। शनिवार को दूसरे दिन मेजबान जम्मू-कश्मीर ने शानदार खेल दिखाते हुए अंडर-17 लड़के व लड़कियों के विभिन्न किलोभार वर्ग में 11 खिलाड़ी पदक मुकाबले में पहुंच गए हैं। यानी पदक से एक कदम दूर हैं।
प्रतियोगिता में शनिवार को विभिन्न आयुवर्ग में मुकाबले खेले गए। 56 किलोभार वर्ग के मुकाबले में जम्मू-कश्मीर आयान आसिम मीर ने दो मुकाबले जीते। पहले मैच में आयान ने दिल्ली के पौर्श खत्री को हराया। करीब चार मिनट के मुकाबले में आयान ने अपने प्रतिद्वंदी को 2-0 से हराया।
एक अन्य मुकाबले में सीबीएसई के लव शंकला को हराया। 40 किलोभार वर्ग में जम्मू-कश्मीर के अंकित लोत्रा ने सीबीएसीई के मयंक को हराकर पदक मुकाबले में प्रवेश किया है। 48 किलोभार में तवहीद अकबर मीर ने यूपी के सुशील कुमार को मात देकर पदक मुकाबले में प्रवेश किया।
45 किलोभार वर्ग में तवहीद, 52 किलोभार वर्ग में ऋषि खौसला, 56 किलोभार वर्ग में आयान असिम मीर, 60 किलोभार वर्ग में सुर्यांश सिंह, 70 किलोभार वर्ग में मोहम्मद अरहान, 75 किलोभार वर्ग में महरान अमीन, 80 किलोभार वर्ग में उमान आरिफ, 85 किलोभार वर्ग में मोहम्मद हसीब और गर्ल्स के 52 किलोभार वर्ग में सालिफ फारुख भी पदक मुकाबले में पहुंचे। शनिवार को चैंपियनशिप में 129 मुकाबले खेले गए, जिसमें 115 बॉयज व 14 गर्ल्स वर्ग के थे।