रुद्राक्ष व रिया का एफआईजी सुजुकी वर्ल्ड कप के लिए चयन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नेशनल ऐरोबिक चैंपियनशिप में मेजबान जम्मू-कश्मीर तीसरे स्थान पर रहा। चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने पर प्रदेश के दो खिलाड़ी रुद्राक्ष खन्ना व रिया शर्मा का एफआईजी सुजुकी वर्ल्ड कप के लिए भी चयन हुआ है। चार दिवसीय चैंपियनशिप का एमए स्टेडियम के इंडोर हॉल में जिम्नास्टिक हॉल में समापन हुआ। इसमें महाराष्ट्र विजेता और गुजरात उपविजेता रहा।
चैंपियनशिप के अंतिम दिन हुए मुकाबलों में महाराष्ट्र के आर्य शाह, रामदेव बिराजदार, स्मित शाह ने स्वर्ण पदक जीता है। पश्चिम बंगाल के अनिकेत चक्रवर्ती, आनंद कुमार, अब्दुल हामिद चौधरी ने रजत और मणिपुर के अरिहा पंगंबम, हुइरेम जेसिका, ओकराम उमाजीत ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
इस स्पर्धा में व्यक्तिगत पुरुष फाइनल (सीनियर) में स्वर्ण पदक मणिपुर के उमाजीत ओकराम ने जीता, रजत पदक महाराष्ट्र के आर्य पवन शाह और कांस्य पदक गुजरात के मीत कोसंबिया ने जीता। स्टेप फाइनल (सीनियर) स्पर्धा में स्वर्ण पदक महाराष्ट्र, रजत पदक झारखंड और कांस्य पदक चंडीगढ़ टीम ने जीता।
चैंपियनशिप का आयोजन जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के सहयोग से किया गया था। चैंपियनशिप का सफल आयोजन अध्यक्ष एवं निदेशक प्रतियोगिता एसपी सिंह की अध्यक्षता में तकनीकी अधिकारियों की टीम द्वारा किया गया।
चार सालों में तीन राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी की
जम्मू-कश्मीर के इतिहास में यह पहली बार है कि चार वर्षों के भीतर लगातार तीन बार जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय स्तर की जिम्नास्टिक चैंपियनशिप आयोजित की गईं। इसके अलावा विदेशी कोच की मदद से श्रीनगर में एडवांस ट्रेनिंग कैंप का आयोजन किया गया।