कूच बिहार ट्रॉफी : जेकेसीए हास्टल मैदान जम्मू में खेला गया मुकाबला
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। कूच बिहार ट्रॉफी में मेजबान जम्मू-कश्मीर ने नगालैंड को पारी व 218 रन से हराया है। जेकेसीए हास्टल मैदान जम्मू में खेले गए मुकाबले में मेजबान बल्लेबाज व गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
टॉस जीतकर नगालैंड की पहले बल्लेबाजी चुनी और पहली पारी में 92 रन बनाए। जम्मू-कश्मीर के लिए अब्दुल बासित लोन और कृष्णा बम्बा ने चार-चार और जीवेश गुप्ता ने दो विकेट हासिल किए। पहले पारी में बल्लेबाजी करते हुए मेजबान जम्मू-कश्मीर ने 431 रन बनाकर 339 रन की बढ़त हासिल की।
जम्मू-कश्मीर के लिए शिवा ठाकुर ने नाबाद 102 रन बनाए, जबकि हातिम रियाज ने 120 रन और सलमान अहमद बख्शी ने 82 रन की पारी खेली। बल्लेबाजों ने नगालैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई। 339 की बढ़त के साथ जम्मू-कश्मीर ने 431 रन पर अपनी पारी घोषित की।
दूसरे पारी में नगालैंड की टीम 121 पर ढेर हो गई। नगालैंड की बल्लेबाज पूरी तरह विफल रहे। छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। अब्दुल बासित लोन व सोलिब तारिक ने दो-दो व जीवनेश गुप्ता ने तीन विकेट प्राप्त किए।
कूच बिहार ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर तीन मैच में यह पहली जीत हैं। इस जीत के साथ टीम ग्रुप बी में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। टीम का अगला मुकाबला 28 नवंबर को गुजरात के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।