अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का सरकारी नौकरी मिलने का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है। जम्मू-कश्मीर में 2013 से उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नौकरी नहीं मिली है। ऐसे खिलाड़ियों को एसओ 12 के तहत सरकारी विभागों में राजपत्रित व अराजपत्रित पदों पर नियुक्ति करना है। सोमवार को उत्कृष्ट खिलाड़ियों ने जम्मू में प्रेसवार्ता कर अपने दर्द को बयां किया।
खिलाड़ी नतीश आनंद ने कहा कि सरकार ने एसओ 12 के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नौकरी देनी है। 2013 से ऐसे खिलाड़ियों को नौकरी नहीं मिली है। लंबे समय बाद सरकार ने प्रक्रिया शुरू की थी। युवा सेवा और खेल विभाग के अधिकारियों से मुलाकात के बाद पता चला है कि 225 गैर अराजपत्रित पदों की सूची तैयार है। अगर सूची तैयार है तो विभाग जारी क्यों नहीं कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मैने आठ साल पहले अपनी फाइल लगाई थी। अधिकारियाें के साथ मुलाकात करते है तो सिर्फ आश्वासन मिलता है। खिलाड़ियों ने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने की बात करती है,
लेकिन जिन खिलाड़ियों ने देश और प्रदेश के लिए पदक जीते है उन्हें सरकार से कोई प्रोत्साहन नहीं मिला है। खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री, खेल मंत्री से उत्कृष्ट खिलाड़ियाें की नियुक्ति की सूची जारी करने की मांग उठाई है।
साथ ही कहा कि सरकार का रवैया हमारा और भविष्य के खिलाड़ियों का मनोबल तोड़ रहा है।