राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेता हरमनजोत सिंह।
जम्मू। देश के 32 होनहारों में जम्मू के हरमनजोत सिंह को वर्ष 2021 के लिए राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह अवार्ड महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए मोबाइल एप के लिए दिया गया है। सोमवार को वर्चुअल मोड में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने बाल पुरस्कार विजेता से बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दी। 13 वर्षीय हरमनजोत जोधामल पब्लिक स्कूल में आठवीं कक्षा के छात्र हैं, जो नवाचार में अहम योगदान देकर भारत को विश्व गुरु बनाना चाहता है।
हरमनजोत सिंह ने कहा कि वे प्रधानमंत्री के साथ संवाद से उत्साहित है। पीएम के संदेश से जीवन में और बेहतर करने की प्रेरणा मिलेगी। हरमनजोत ने कहा, भविष्य में नवाचार के क्षेत्र में देश सहित प्रदेश की सेवा करना चाहता हूूं। हरमनजोत को रक्षा वुमन सेफ्टी एप के लिए अवार्ड मिला है। इस मोबाइल एप में कई आपातकालीन फीचर हैं, जिससे महिला आपदा में होने के समय उसकी लोकेशन सहित मेसेज उनके परिवार सहित प्रियजनों तक पहुंच सकेगा। हरमनजोत ने कहा कि एप पर पुुलिस सहित अन्य आपातकालीन नंबर और सुरक्षा टिप्स से उसे मदद मिलेगी। हरमनजोत सिंह को इससे पहले कई पुरस्कार मिल चुके हैं। पिछले वर्ष अमेरिका के सैनफ्रांसिस्को की व्हाइट हैट आर्गेनाइजेशन ने हरमनजोत को सिलिकॉन वैली आफ कोड अवार्ड दिया था। हरमनजोत सिंह ने नेशनल साइबर ओलंपियाड 2019-20 में पहला अंतरराष्ट्रीय रैंक हासिल किया था।