स्वच्छता ही सेवा है। बापू का है सपना, स्वच्छ और सुंदर हो भारत अपना... व अन्य स्वच्छता के नारों से लिखित पोस्टर और तख्तियां लेकर मंगलवार को स्कूली छात्राओं ने जम्मू शहर में रैली निकाली। रैली सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल सतवारी के परिसर से शुरू होकर सतवारी चौक तक गई।
रैली का आयोजन केंद्रीय संचार ब्यूरो के फील्ड कार्यालय जम्मू की ओर से किया गया। इस दौरान छात्राओं ने खुद सड़क किनारे पड़ी गंदगी को एकत्रित का कूड़ेदान में डाला। छात्राओं के साथ ही शिक्षकों और विभाग के अधिकारियों ने रैली में भाग लिया। छात्राओं ने लोगों को अपने आस-पड़ोस को स्वच्छ रखने का आह्वान किया।
फील्ड कार्यालय जम्मू के इंचार्ज राजेश शर्मा ने कहा कि विभाग की तरफ से स्कूली छात्राओं और शिक्षकों के साथ मिलकर आज रैली का आयोजन कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि अपने शहर और देश को साफ और सुंदर बनाने के लिए सभी को मिल कर कार्य करना है। बच्चे देश का भविष्य हैं। वे जागरूक होंगे तो भविष्य भी जागरूक होगा। वे अपने घरों में जाकर अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करेंगे तो ये उम्मीद स्वच्छता का लक्ष्य जल्द ही पूरा होगा।
रैली में शामिल एक छात्रा ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को स्वच्छ बनाने का सपना देखा था। इस सपने को साकार करने के लिए हम सब को मिलकर कार्य करना है। अपने घर और आसपास के इलाके में सफाई बना कर रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। हम सबको ये जिम्मेदारी मिलकर उठानी ही होगी।
एक अन्य छात्रा ने कहा कि सभी के सहयोग से जम्मू हरा-भरा और स्वच्छ रह सकेगा। स्वच्छता अभियान को सफल बनाना हम सभी के लिए बेहद जरूरी है। हमें पास पड़ोस की नियमित साफ सफाई करने का संकल्प लेना चाहिए। ताकि स्वच्छ एवं सुंदर भारत का निर्माण हो सके।