स्वच्छ भारत अभियान के तहत होने वाली स्वच्छता रैंकिंग को लेकर जम्मू रेलवे स्टेशन पर तैयारियां जोरों पर हैं। सितंबर के पहले सप्ताह में सर्वे टीम जम्मू रेलवे स्टेशन आएगी। टीम स्टेशन पर स्वच्छता, यात्री सुविधा, सौर ऊर्जा उत्पादन, पानी संरक्षण को लेकर किए जाने वाले कार्यों की जांच करेगी। इसके बाद रेलवे देशभर के स्टेशन की स्वच्छता रैंकिंग जारी करेगा।
शहर का रेलवे स्टेशन देश के ए1 रेलवे स्टेशन में आता है। पिछले साल स्वच्छता रैंकिंग में स्टेशन को तीन अंक का नुकसान हुआ था। नौवें स्थान से 12वें स्थान पर पहुंचा था। इस बार होने वाली स्वच्छता रैंकिंग के लिए रेलवे ने कमर कस ली है। इसके लिए इस महीने सफाई का नया ठेका जारी हुआ। स्वच्छता को यकीनी बनने के लिए मशीनों से भी सफाई की जा रही है।
वहीं, स्वच्छता रैंकिंग में इस बार स्टेशन पर सौर ऊर्जा का उत्पादन, पानी संरक्षण, कचरा निस्तारण सहित अन्य मापदंड देखे जाएंगे। पिछले साल स्वच्छता रैंकिंग में गिरावट के बाद रेलवे ने इस बार दोबारा टॉप 10 में पहुंचने का लक्ष्य रखा है।
रेलवे प्रबंधक ने स्टेशन पर स्वच्छता के साथ सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा दिया है। स्टेशन पेंटिंग और गमले लगाए गए हैं, इसके साथ ही प्लेटफार्म पर डिजिटल बोर्ड भी लगाए गए हैं। जून महीने में नॉर्दर्न रेलवे जीएम टी पी सिंह का भी दौरा हुआ था। इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म और वेटिंग हॉल में स्वच्छता को यकीनी बनने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए थे।