अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। किसान आंदोलन के चलते ट्रेनें रद्द होने व देरी से चलने के कारण जम्मू रेलवे स्टेशन पर सोमवार को 161495 रुपये के टिकट रिफंड हुए हैं। ट्रेनों की लंबी लेटलतीफी के चलते बड़ी संख्या में लोगों ने अपने टिकट रद्द करवाए। नॉर्दर्न रेलवे से फिरोजपुर डिवीजन से अन्य शहरों को जाने वाली 163 ट्रेनें रद्द की गईं।
19 ट्रेनों को शाॅर्ट टर्मिनेट, 15 को शाॅर्ट ओरिजिनेट, 15 ट्रेनों को विलंब और नौ को रोककर चलाया गया है। फिरोजपुर मंडल से 11 ट्रेनें रद्द की गई हैं। फिरोजपुर मंडल से भी 982 यात्रियों को 6.40 लाख रुपये रिफंड किया है। रेल अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों को प्रभावित ट्रेनों की जानकारी मिलती रहे, इसके लिए स्टेशनों पर हेल्प डेस्क और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार उद्घोषणा की गई। स्टेशनों पर सभी पर्यवेक्षक एवं वाणिज्य निरीक्षक अपने मुख्यालय में तैनात रहे। मुख्य स्टेशनों पर रेल यात्रियों को रिफंड लेने के लिए अतिरिक्त काउंटरों की व्यवस्था की गई।
यात्री बोले-रद्द होने की सूचना नहीं दी
ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्री बिना किसी विकल्प के ही स्टेशनों पर घंटों इंतजार करते रहे। कई यात्रियों ने शिकायत की कि उन्हें ट्रेन रद्द होने की सूचना पहले नहीं दी गई, जिससे उनकी योजनाएं प्रभावित हुईं।