विरोध रैली निकालते युवा राजपूत सभा के सदस्य। संवाद
युवा राजपूत सभा की ओर से हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। युवा राजपूत सभा (वाईआरएस) ने सोमवार को विरोध रैली निकाल कर केंद्र सरकार से प्रदेश को राज्य का दर्जा देने की मांग उठाई। इस मौके पर बड़ी संख्या में सभा के सदस्य मौजूद रहे।
रैली महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा से शुरू होकर बिक्रम चौक तक गई और फिर वापस प्रतिमा के पास पहुंच कर समाप्त हुई। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और युवा राजपूत सभा के झंडे लिए हुए भारत माता की जय, महाराजा हरि सिंह जी अमर रहें, हमें राज्य का दर्जा चाहिए और जय जम्मू-कश्मीर जैसे नारे लगाए।
वाईआरएस के चेयरमैन रघुवीर सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है, जिसे हम वापस लेकर रहेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर वादा पूरा न करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही राज्य का दर्जा बहाल नहीं किया गया तो वाईआरएस बड़े आंदोलन के लिए तैयार है।