निजी क्लीनिकों में लोगों को गुमराह कर संबंधित डॉक्टर के बजाय उसके नाम की पर्ची पर दूसरे डॉक्टरों से मरीजों का चेकअप करवाया जा रहा है। ऐसा ही मामला बख्शीनगर के एक निजी क्लीनिक में सामने आया है। इसका डॉक्टर सऊदी अरब में बैठा है, जबकि उसके नाम पर कोई अन्य डॉक्टर मरीज देख रहा है।
मामले की पोल खुलते ही एक मरीज ने बख्शीनगर थाने में डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता बॉबी मेहरा (29) निवासी नई बस्ती का आरोप है कि वह ऑर्थो के वरिष्ठ डॉक्टर एक्यू सलारिया से अपना चेकअप करवाने गए थे। लेकिन उन्हें संबंधित डॉक्टर के बारे में कोई जानकारी न देकर उनके नाम की पर्ची पर किसी दूसरे डॉक्टर के पास भेज दिया गया, जबकि मौजूदा समय में ऑर्थो डॉक्टर सऊदी अरब में है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 419 के तहत मामला दर्ज किया है।
मरीज के अनुसार वह पिछले 5-6 दिन से शोल्डर और पीठ में दर्द से परेशान हैं। किसी ने उन्हें डॉक्टर एक्यू सलारिया को दिखाने की राय दी। गत सोमवार की शाम वह बख्शीनगर स्थित उनके निजी क्लीनिक में दिखाने के लिए चले गए। पर्ची के लिए 500 रुपये फीस दी। लेकिन जब डॉक्टर को दिखाकर बाहर निकलने तो उन्हें पता चला कि डॉक्टर सलारिया तो सऊदी अरब में हैं। जब इस बारे में पर्ची काउंटर पर पूछा गया तो स्टाफ आनाकानी करने लगा।
जांच करने वाले डॉक्टर ने 1300 रुपये की दवा भी लिखकर दे दी थी। बॉबी का आरोप है कि उन्हें देखने वाले संबंधित डॉक्टर से जब पूछा गया तो वह भी कोई जवाब नहीं दे पाया। मरीज के अनुसार डॉ. सलारिया की अनुपस्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी, जबकि वह उन्हीं को दिखाने गए थे। अगर डॉक्टर विदेश में हैं तो उनके नाम की पर्ची पर किसी और डॉक्टर ने क्यों देखा।
यह भी आरोप, पुलिस ने गुम कर दी पर्ची
मरीज का यह भी आरोप है कि जब वह पुलिस में मामला दर्ज करवाने गए थे तो डॉ. सलारिया के नाम की पर्ची दी थी। लेकिन दूसरे दिन पुलिस वालों ने उनसे कहा कि डॉक्टर की असली पर्ची उनसे गुम गई है। मरीज ने बताया कि हालांकि इसकी फोटो कॉपी उनके पास थी। इसी तरह एफआईआर में भी जीएमसी में डॉक्टर को दिखाने का जिक्र किया गया था, जबकि वह निजी क्लीनिक पर डॉक्टर को दिखाने गए थे। इसके बारे में पुलिस अधिकारी को अवगत कराया गया।
मेरे विदेश होने और दूसरे डॉक्टर के बारे में जानकारी दी गई थी : डॉ. सलारिया
सऊदी अरब से अमर उजाला को फोन पर डॉ. सलारिया ने बताया कि वह बेटी के पास यहां आए हुए हैं। उनके क्लीनिक पर बाकायदा उनके नाम से आउटऑफ स्टेशन होने के बारे में जानकारी के लिए पर्चा चस्पा किया गया है। इसमें इमरजेंसी मरीजों के लिए टेलीफोन नंबर दिया गया है। गत दिवस क्लीनिक पर उनका एक मरीज आया था, जिसका प्लास्टर टाइट हो गया था। उन्होंने अपने कनिष्ठ डॉक्टर को क्लीनिक पर बुलाकर मरीज का प्लास्टर खुलवाया।
इस बीच एक अन्य मरीज बॉबी भी क्लीनिक पर आया और खुद को ऑर्थो के डॉक्टर को दिखाने के बारे में कहने लगा। उसे बताया गया कि डॉ. सलारिया विदेश में हैं तो उसने कहा कि किसी और डॉक्टर को दिखा दो। लेकिन दिखाने के बाद वह गलत आरोप लगाने लगा। डॉ. सलारिया के अनुसार उनके सात मार्च को विदेश से वापस आने की योजना है। उधर, डॉ. सलारिया की अनुपस्थिति में देख रहे आस्कर मेडिसन शॉप के मालिक अनिल गुप्ता का भी दावा है कि बॉबी नाम के मरीज को डॉक्टर सलारिया के विदेश होने के बारे में जानकारी दी गई थी। मरीज की मांग पर ही दूसरे डॉक्टर ने उन्हें देखा।
वहीं, इस मामले को लेकर बख्शी नगर एसएचओ विशाल शूर ने कहा कि क्लीनिक में किसी व्यक्ति ने उस डॉक्टर के नाम की पर्ची दी है, जो वहां मौजूद नहीं थे। कुछ रिकॉर्ड भी कब्जे में लिया है, जिसकी जांच की जा रही है।