उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जनता के हितों की रक्षा के लिए जन शिकायतों के समाधान पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जेकेआईजीआरएएमएस शिकायत तंत्र लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रणाली में पारदर्शिता, अखंडता और जवाबदेही को मजबूत कर रहा है।
उपराज्यपाल ने नागरिक सचिवालय में मुलाकात लाइव लोक शिकायत सुनवाई के दौरान जेकेआईजीआरएएमएस पर शिकायतें दर्ज करवाने वाले नागरिकों से बातचीत में कई शिकायतों का मौका पर निस्तारण किया। उन्होंने पुंछ के एक आवेदक के विवाह सहायता योजना के तहत वित्तीय सहायता में देरी की शिकायत पर संबंधित डीसी को मामले की जांच कर 15 दिन में विस्तृत रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
सरकारी परिसर में अतिक्रमण के संबंध में मीर इरशीद हुसैन की एक शिकायत पर मध्य विद्यालय हाजीपोरा अनंतनाग में जिला प्रशासन को स्कूल की भूमि से अतिक्रमण हटाने और राजस्व रिकार्ड के अनुसार इसे बहाल करने के निर्देश दिए।
अखनूर निवासी संजय शर्मा की नलकूप के काम न करने के संबंध में उपायुक्त जम्मू ने सूचित किया कि तीन दिन के भीतर उसे बदल दिया जाएगा। एक अन्य शिकायत में विजयपुर के गांव बगूना में प्राचीन मंदिर को सड़क संपर्क प्रदान करने के लिए सांबा के उपायुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
पीएमईजीपी योजना के तहत देय सब्सिडी जारी करने के संबंध में शिकायत पर अध्यक्ष जम्मू कश्मीर बैंक ने अवगत कराया कि इस मुद्दे को 15 दिन के भीतर सुलझा लिया जाएगा। अधिकारी सब्सिडी के मामलों को प्राथमिकता पर हल करें। उधमपुर के जगानू में जलापूर्ति के मुद्दे पर उपायुक्त ने बताया कि इस मामले में संबंधित योजना के तहत पहले ही काम शुरू कर दिया गया है। मुख्य सचिव डा. अरुण कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी वर्चुअल रूप से बातचीत में मौजूद रहे।