अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रधानमंत्री के सुशासन माडल से प्रेरित होकर बड़ी संख्या राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता व युवा भाजपा में शामिल हो रहे हैं। यह बातें पार्टी में प्रमुख नेता फारुक खान को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने कहीं।
उन्होंने पार्टी कार्यालय त्रिकुटा नगर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि फारूक खान पिछले 22 वर्षों से एनसी में काम कर रहे थे और पार्टी छोड़ने से पहले युवा विंग के जिला सचिव थे।
इस अवसर पर पूर्व उप मुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता, भाजपा के रिटर्निंग अधिकारी राकेश महाजन, डीडीसी दरहाल मोहम्मद इकबाल मलिक, वरिष्ठ नेता करण सिंह, रशपाल वर्मा, राजिंदर सिंह चिब, दलजीत सिंह, राकेश पंत आदि मौजूद थे।
बुजुर्ग नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने की मांग
भाजपा प्रवक्ता डा. ताहिर चौधरी ने प्रदेशमें बुजुर्ग नागरिकों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिए जाने की मांग सरकार से की है। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में वरिष्ठ नागरिकों के सामने गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियां हैं। इसके लिए सरकार को चाहिए कि इन बुजुर्गों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराए। वह अक्सर समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं लेने के लिए परेशान होते हैं। हमारे वरिष्ठ नागरिकों ने समाज में बहुत योगदान दिया है। उन्हें सुलभ और कुशल स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना हमारी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है।