सीमा पर हाई अलर्ट, एंटी टनल स्क्वॉयड सक्रिय, एलओसी पर सेना ने बढ़ाई सतर्कता
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आगामी गणतंत्र दिवस की सुरक्षा को लेकर एलओसी और बार्डर पर हाई अलर्ट किया गया है। चौकी अफसरों से लेकर एसपी स्तर के अफसरों की छुट्टियां रद्द करते हुए सबको अपने अपने क्षेत्राधिकार में रहने का आदेश दिया गया है।
वहीं, एलओसी पर सेना ने एंटी ड्रोन सिस्टम और बीएसएफ ने एंटी टनल स्क्वॉयड को सक्रिय कर दिया है। कश्मीर में भी हाई अलर्ट करते हुए जगह-जगह नाके लगाकर वाहनाें की जांच जा रही है।
जानकारी के अनुसार जम्मू कश्मीर के सभी सीमांत जिलों में खासतौर पर पुलिस अफसरों को अपना क्षेत्र गणतंत्र दिवस तक न छोड़ने के लिए कहा गया है। अधिकारियों से कहा गया है कि वे तमाम सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाएं और प्रतिदिन इनपुट साझा करें। 24 घंटे गश्त के लिए पूरा तंत्र सक्रिय करें।
डीआईजी जम्मू सांबा कठुआ रेंज शिव कुमार शर्मा का कहना है कि सीमा से सटे तमाम इलाकों में बीएसएफ, सेना, पुलिस और पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप को मिलकर संयुक्त रूप से नजर रखने के लिए कहा गया है। सभी जिलाें के एसपी स्तर के अफसर निजी स्तर पर इसकी निगरानी करेंगे। पुलिस कंट्रोल रूम में कहा गया है कि किसी भी सूचना के आने पर इसे तत्काल साझा करें।