राज्य पुलिस ने वर्ष 2015 को राज्य की अवाम के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया है। लोगों के साथ बेहतर संबंध बनाने के लिए पुलिस नई संभावनाएं तलाश करेगी और जमीनी स्तर पर संबंधों को मजबूत करेगी ताकि खाकी पर लोगों का भरोसा मजबूत बने।
वीरवार को राज्य पुलिस महानिदेशक के राजिंद्रा ने एक उच्च स्तरीय बैठक में इस पर जोर दिया। बैइक में पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की। बैठक का उद्देश्य बीते वर्ष में उपलब्धियों की समीक्षा और इस साल में नई योजनाओं पर काम करना था।
डीजीपी ने कहा कि उन क्षेत्रों को आतंक और नशा मुक्त बनाने के लिए काम करना होगा, जो इसकी वजह से त्रस्त हैं। इसके लिए पुलिस को लोगों के साथ अच्छे से पेश आना होगा। हमें अपना बेहतर देना होगा, ताकि लोगों के साथ बेहतर रिश्ते कायम हों।
पुलिस स्टेशनों के निरंतर दौरे करने के दिए निर्देश
लोगों को सुरक्षा देना और अपराध पर शिकंजा कसना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। जीरो कैज्युलिटी पर भी पुलिस का फोकस रहेगा। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि वह पुलिस स्टेशनों पर निरंतर दौरा करें और लोगों की शिकायतों का निवारण करें।
लोगों से बेहतर संबंध बनाने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, सिविक एक्शन प्रोग्राम आयोजित करने, कला को बढ़ावा देने पर भी बल दिया। पुलिस के शहीदों के परिवारों के उत्थान के लिए भी काम करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि 2014 में राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनाव में लोगों को सुरक्षा देने में पुलिस सफल हुई है। चुनाव के दौरान शांति और भाईचारा बनाए रखने में पुलिस ने सफलता हासिल की है। चुनाव के लिए चार महीने लगे और इसमें पुलिस ने चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों, नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की। इसका श्रेय पुलिस के सभी रैंक के अधिकारी और जवानों को जाता है।
बीते वर्ष आई बाढ़ में भी पुलिस के रोल की सराहना की और कहा कि पुलिस ने हमेशा से किसी प्रकार की आपदा आने पर बढ़ चढ़ कर काम किया है। बैठक में एडीजी, आईजी, डीआईजी, एसएसपी, एसपी और एसडीपीओ रैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।