ग्रेटर कैलाश में आभूषणों की दुकान में वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश एक बिना नंबर की स्पलेंडर बाइक से पहुंचे थे। वहीं, बाद में इसी से फरार हुए हैं। इनके भागने के बाद पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले। फव्वारा चौक से जैसे-जैसे पुलिस सीसीटीवी खंगालती गई वैसे ही उनका रूट पता चलता गया।
अंतिम लोकेशन मुरारी चक गांव की थी। इसी गांव से ये रिंग रोड पर चढ़े और फिर वहां से गायब हो गए। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद बदमाशों ने अपना हुलिया नहीं बदला और ऐसे ही गए जैसे आए थे। पुलिस की तरफ से विजयपुर के राया मोड़ समेत पूरे रिंग रोड के आसपास के इलाकों में 100 से अधिक सीसीटीवी को खंगाला है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। क्योंकि, आरोपियों ने हेलमेट से चेहरे को छिपा रखा था। इसलिए उन्हें पहचानना भी चुनौती बना हुआ है। ये इतने शातिर थे कि इन्हें मालूम था कि दोनों के हेलमेट पहनने पर भागते समय रास्ते में कहीं रोका नहीं जाएगा।
इसलिए भागने के बाद हेलमेट नहीं उतारी। डीएसपी जिशान भट्ट का कहना है कि पुलिस ने वारदात स्थल के आसपास 100 मीटर तक का डंप डाटा खंगाला है। देखा जा रहा है कि वारदात के वक्त किन किन लोगों की फोन से बात हुई। कइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।चीखती रही महिला, गहने लूटते रहे बदमाश वारदात के वक्त महिला लगातार चीखती रही। इसके बावजूद बदमाशों ने शीशे तोड़कर गहने लूटे। इतने शोर के बावजूद भी महिला की मदद करने के लिए कोई नहीं पहुंचा।