कहा- राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम, उनके हाथ में होनी चाहिए परिवर्तन की बागडोर
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम, परिवर्तन की बागडोर उनके हाथ में होनी चाहिए, क्योंकि युवा ऐसी शक्ति है जो भविष्योन्मुखी है। वास्तविकता के साथ तालमेल बिठाती है और विकसित भारत की यात्रा में योगदान देने के लिए कौशल से सुसज्जित है। चार नई बटालियन के गठन होने से राष्ट्रीय कैडेट कोर की नींव और मजबूत होगी। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कैडेट की ताकत 27870 से बढ़कर 40730 हो जाएगी। वह सोमवार को राजभवन में नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाले एनसीसी कैडेट से बातचीत कर रहे थे।
उप राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक एनसीसी कैडेट हमारे युवाओं की असीमित क्षमता का प्रतीक है। मुझे विश्वास है कि युवा कैडेट एक समृद्ध और एकजुट समाज के निर्माण के लिए समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाना जारी रखेंगे। पिछले कुछ वर्षों में एनसीसी ने समाज और राष्ट्र की सेवा में भूमिका निभाई है। इस मौके पर प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा आलोक कुमार, मेजर जनरल राजेश कुमार सचदेवा, एडीजी, एनसीसी निदेशालय, जम्मू कश्मीर और लद्दाख, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. पीयूष सिंगला व अन्य मौजूद रहे।
122 कैडेट ने आरडी परेड में नाम किया रोशन
इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख एनसीसी निदेशालय के कुल 122 कैडेट ने भाग लिया था। 12 कैडेट को कर्तव्य पथ पर मार्च करने और नौ कैडेट को गार्ड ऑफ ऑनर के लिए चुना गया। सीनियर अंडर ऑफिसर रोहित शर्मा प्रधानमंत्री की रैली के गार्ड ऑफ ऑनर कमांडर थे।