परिजनों ने लगाया बस से नीचे फेंकने का आरोप, पुलिस ने नकारा
पंजाब के लुधियाना का निवासी, मौजूदा समय में रहता था जम्मू के नरवाल में
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के नरवाल क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के दो कारण बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि युवक की बस से गिरने पर मौत हुई, जबकि मृतक के परिजनों ने बस में युवक के साथ मारपीट कर नीचे फेंकने का आरोप लगाया है।
मृतक दीपक कुमार मूल रूप से पंजाब के लुधियाना का रहने वाला था, जो मौजूदा समय में नरवाल के राजीव नगर में रहता था। दीपक उस बरात वाली बस में सवार था, जो नरवाल से दिल्ली के लिए निकली थी। दीपक के एक रिश्तेदार की दिल्ली में शादी होनी थी।
दीपक के रिश्तेदार रमन कुमार ने बताया कि उसे पता चला कि वह बस से नीचे गिर गया है। हमने सुना था कि बस के चालक के साथ बहस हुई थी। इसके कुछ देर बाद ही वह बस से नीचे गिरा हुआ मिला। चेहरे पर काफी गंभीर चोटें थीं। दीपक के परिजन शव लेकर पंजाब चले गए हैं।
वहीं अंतिम संस्कार किया जाएगा। डीएसपी जिशान भट्ट का कहना है कि युवक की मौत बस से नीचे गिरकर हुई है। अब वह बस से कैसे गिरा है, इसकी जांच कर रहे हैं। लेकिन इसमें हत्या की कोई बात सामने नहीं आई है। परिजनों की तरफ से भी ऐसा कोई बयान नहीं दिया गया है।
बताया कि जम्मू के राजीव नगर से दिल्ली के लिए बारात निकली थी। इसी में युवक सवार था, जोकि बस से नीचे गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई।