जम्मू नगर निगम की जलशक्ति डिविजन ने शहर के दस इलाकों में पानी की सप्लाई सुधारने के लिए कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत इन क्षेत्रों में नई पाइपें बिछाने, क्षतिग्रस्त पाइपों को ठीक करने और मौजूदा पानी के सप्लाई को अपग्रेड करने का काम शामिल है। निगम ने इन कार्यों के लिए काम कराने वाली एजेंसियों को टेंडर भरने के लिए कहा था।
टेंडर प्रक्रिया होने के बाद अब फंड मंजूर किए गए हैं। इन पैसों से शहर के उस्ताद मोहल्ले, पुराने रिहाड़ी, न्यू प्लॉट, केरन, पटोली, विनायक नगर, विकास नगर आदि के हजारों घरों को लाभ मिलेगा। इन इलाकों में गर्मी के दौरान पानी की काफी किल्लत देखने को मिली थी।
जानकारी के अनुसार शहर के उस्ताद मोहल्ला में सप्लाई सिस्टम अपग्रेड करने के लिए 30 लाख रुपये, मांडा और आसपास क्षेत्र में नया सिस्टम स्थापित करने के लिए 22 लाख रुपये, पुरानी रिहाड़ी में पाइप बिछाने के लिए 15 लाख रुपये, विनायक नगर के लिए 15 लाख रुपये, बैसाखी कॉलोनी के लिए 15 लाख रुपये, केरन गांव के लिए 10 लाख रुपये, विकास नगर पटोली के लिए 7 लाख रुपये, रिहाड़ी के लिए 7 लाख रुपये, न्यू प्लॉट से जेडीए कांप्लेक्स तक नई पाइप के लिए 22 लाख रुपये और पटोली के लिए 10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
जलशक्ति विभाग के डिवीजन वन के एईई विजय गुप्ता ने कहा कि फंड मंजूर किए गए हैं। उक्त इलाकों में पानी की सप्लाई पहले से है। उसे और बेहतर बनाने के लिए फंड मंजूर किया गया है।
40 साल से नहीं बदली गई थीं पाइपें
पिछले 40 साल से उस्ताद मोहल्ले में पानी की पाइपें नहीं बदली गई थीं, जबकि नए घर बनते गए और कनेक्शन भी बढ़े। पानी का पाइपें खराब होने से लोगों को पानी भी नहीं मिलता था। मेयर से विशेष तौर पर इसके लिए फंड जारी करने की मांग की गई थी। अब इसके लिए 30 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। निश्चित तौर पर पाइपों को बदला जाएगा और पानी की सप्लाई अच्छी होगी।
- सुनीत शर्मा, पार्षद, वार्ड 9।
शहर के हर वार्ड के लिए 10 लाख रुपये
मेयर चंद्र मोहन गुप्ता का कहना है कि पानी की सप्लाई को बेहतर बनाने के लिए कैपेक्स बजट में हर एक वार्ड के लिए 10 लाख रुपये मंजूर किए है। इन पैसों से पानी की लीकेज को रोका जाएगा। साथ ही जिन जगहों पर पानी की पाइपें खराब हो चुकी हैं। उन पाइपों को भी बदला जाएगा। जिस तरह से शहर में बिजली व्यवस्था को ठीक किया गया ह, उस तरह से पानी की सप्लाई भी बेहतर होगी।
90 करोड़ से पानी के नए संसाधन
अगले वर्ष शहर में पानी के नए संसाधन तलाशने और नए ट्यूबवेल के लिए 90 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। मेरा दावा है कि अगले साल शहर में पानी की कोई दिक्कत नहीं होगी। लोगों को 24 घंटे पानी की पर्याप्त सप्लाई होगी।
- चंद्र मोहन गुप्ता, मेयर जम्मू।
पानी के लिए मचा था हल्ला
बता दें कि गर्मी में शहर में कई जगहों पर पानी की किल्लत को लेकर हल्ला मचा था। उक्त इलाकों में कई बार लोगों ने गंदे पानी की सप्लाई होने और वक्त पर पानी सप्लाई न होने को लेकर प्रदर्शन किया था। इसे देखते हुए निगम जलशक्ति विभाग ने पानी की पुरानी पाइपों को बदलने की योजना बनाई है।