कब होगी घोषणा
नगर निगम के नए मेयर और डिप्टी मेयर के नाम तय करने के लिए पार्षदों व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बीच संभावित नामों पर चर्चा पूरी हो गई है। शार्ट लिस्ट किए गए नामों को भाजपा हाई कमान और प्रदेश संघ मुख्यालय के पास भेज दिया गया है। संघ की हरी झंडी के बाद नए मेयर, डिप्टी मेयर के नाम पर भाजपा आखिरी मुहर लगाएगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार नए मेयर व डिप्टी मेयर की दौड़ में आगे चल रहे बदलदेव बलोरिया, प्रमोद कपाही, नीरज पुरी और राजेेंद्र शर्मा के नाम शार्ट लिस्ट किए गए हैं। इनमें से ही मेयर और डिप्टी मेयर का चयन होना है। उधर, गृहमंत्री अमित शाह के तीस सितंबर से दो अक्तूबर तक जम्मू-कश्मीर के राजोरी जिले और बारामुला में दो बड़ी रैलियों को सफल बनाने में भाजपा का प्रदेश नेतृत्व जुटा हुआ है। ऐसे में तीन अक्तूबर के बाद ही नए मेयर और डिप्टी मेयर के नामों की घोषणा संभव हैं।
प्रदेश नेतृत्व सभी पार्षदों से एक-एक कर मुलाकात कर चुका है और मेयर और डिप्टी मेयर के नामों पर उनका पक्ष जान जा चुका है। अब भाजपा का नेतृत्व संघ की सहमति से नए मेयर और डिप्टी मेयर के नामों की घोषणा चाहता है। आगामी विधानसभा और नगर निगम चुनाव को देखते हुए भी पार्टी संघ परिवार से जमीनी स्तर की राय व फीडबैक पर ही अहम फैसला लेना चाहती है, ताकि चुनाव में बेहतर स्थिति हासिल की जा सके।
संभावित नामों पर चर्चाओं का बाजार गर्म
मेयर और डिप्टी मेयर के सोमवार को इस्तीफा देने के बाद भाजपा मुख्यालय और सियासी गलियारों में नए मेयर और डिप्टी मेयर के संभावित नामों पर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। मेयर और डिप्टी मेयर की दौड़ में आगे चल रहे पार्षदों में बलदेव सिंह बलोरिया, प्रमोद कपाही, राजेंद्र कुमार और नीरज पुरी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं और पार्टी का जो भी आदेश होगा, उससे मानने की बात कर रहे है।