नाले की समस्या को लेकर रोष जताते किसान। संवाद
पंचायत शामाचक में किसानों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। मढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत शामाचक में सिंचाई नाले की चौड़ाई कम करने पर किसान भड़क गए। उन्होंने किसान मोर्चा की प्रदेश सचिव अनिता लंगेह के नेतृत्व में सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया।
किसानों ने बताया कि इस नाले से 700 एकड़ से भी ज्यादा जमीन की सिंचाई होती है। पहले नाले की चौड़ाई तीन फुट से ज्यादा थी, लेकिन अब विभाग दो फुट से भी कम कर रहा है। इससे किसानों को आगामी दिनों में सिंचाई करने में दिक्कत होगी।
इसके बाद गुस्साए किसानों नाले के काम को रोक दिया। स्थानीय किसानों ने अनिता लंगेह के नेतृत्व में पूर्व मंत्री व किसान नेता सुखनंदन चौधरी और डीडीसी सदस्य मढ़ बलबीर लाल से संपर्क किया। बाद में नाले की चौड़ाई तीन फुट रखने के लिए विभाग तैयार हो गया।
प्रदर्शन में कुलदीप सिंह, तरसेम सिंह, मोहन लाल, रजत कुमार, शाम लाल और जोगिंदर चिब सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।