दोपहर बाद ढाई बजे की घटना, तीन किसानों को पहुंचा नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। मढ़ ब्लाक के सुई गांव में बुधवार दोपहर बिजली के तारों से निकली चिंगारियों से आग लगने से तीन किसानों की 21 कनाल गेहूं की फसल राख हो गई। बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे ग्रामीण मंदिर में आयोजित भागवत कथा सुन रहे थे।
इस दौरान कुछ लोगों ने खेतों से धुआं उठता देखा और अन्य को सूचित किया। मंदिर से करीब 100 मीटर दूर गेहूं के खेतों में आग लगी हुई थी। लोगों ने मोटर लगाकर पाइप और बाल्टियों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लेकिन, तब तक तीन किसानों कि करीब 21 कनाल गेहूं की फसल राख हो गई। इसमें किसान चरण दास कि आठ कनाल, पूर्ण चंद की 10 कनाल और काला राम कि करीब तीन कनाल गेहूं की फसल शामिल है। किसान चरण दास ने बताया कि खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारियों से आग लगी है।