जम्मू संभाग में दूध, दही और पनीर के रेट बढ़ गए हैं। दूध नौ से बारह रुपये प्रति लीटर तक महंगा गया है जबकि दही में 10 और पनीर में चालीस रुपये प्रति किलो तक रेट बढ़ाए गए हैं। गाय का दूध 46 जबकि भैंस का 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। स्टैंडर्ड दही अब 60 रुपये और पनीर 290 रुपये किलो मिलेगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने जम्मू संभाग में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका क्षेत्र में नए दाम तय कर अधिसूचना जारी की दी है।
इससे पूर्व दूध, दही और पनीर के रेट में 10 जुलाई 2019 को वृद्धि की गई थी। विभाग के निदेशक डॉ. नसीम जावेद चौधरी की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार गाय का 3.5 फैट, और 8.5 फीसदी एसएनएफ वाला दूध अब 46 रुपये प्रति किलो मिलेगा। किसानों से दूध लेकर बेचने वालों के लिए 44 रुपये प्रति लीटर दाम होंगे। तीन साल पुराने रेट में गाय का दूध दुकानदार के लिए 35 रुपये और उपभोक्ता के लिए 37 रुपये प्रति लीटर था।
इसी तरह भैंस का पांच फीसदी फैट व 8.5 फीसदी एसएनएफ दूध उपभोक्ता के लिए 60 रुपये प्रति लीटर और विक्रेता के लिए 58 रुपये प्रति लीटर होगा। पहले दुकानदारों के लिए 46 रुपये और उपभोक्ता के लिए 48 रुपये प्रति लीटर तय था। वहीं, पहले से तय पनीर के रेट 250 रुपये प्रति किलो की जगह 290 रुपये किलो किए गए हैं। दही के रेट पहले 50 रुपये तय थे, जिसे 60 रुपये प्रति किलो किया गया है।