जम्मू। जम्मू के नगरोटा स्थित जम्बू जू में रविवार को वन्य जीव संरक्षण विभाग द्वारा स्नेक शो का आयोजन किया गया। इसमें सांप की 4 प्रजातियांं रसल वाईपर स्नेक, ब्लैक कोबरा, इंडियन रॉक पायथन व वाटर स्नेक से लोगों को रूबरू करवाया गया। अन्य प्रजातियों के बारे में तस्वीरों के माध्यम से जागरूक किया गया।
स्नेक शो में दिखाई गई सांप की प्रजातियां जम्बू जू में भी उपलब्ध हैं। इसमें रसल वाईपर स्नेक, ब्लैक कोबरा वेनेमस प्रजाति हैं अथवा इंडियन रॉक पायथन व वाटर स्नेक नॉन वेनेमस प्रजाति से हैं। स्नेक शो के बारे में जम्बू जू के अतिरिक्त निदेशक अनिल अत्री ने बताया कि शो का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्थानीय सांपों की प्रजातियों के बारे में जागरूक करना है। ताकि लोग हर सांप को एक जैसा न समझें और डरने के बजाय मौके को संभाल पाएं। इस जागरूकता से सांप प्रजातियों के संरक्षण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि शो में दिखाए गए सभी सांप स्थानीय प्रजाति के हैं। इस दौरान मौजूद लोगों को विषैले व गैर विषैले सांपों की प्रजातियों की पहचान भी करवाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।