जम्मू। जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला उपायुक्त जम्मू ने जिले की 14 जिला विकास परिषद निर्वाचन क्षेत्रों के आरक्षण संबंधी ड्राफ्ट जारी कर दिया है। जिले में पांच निर्वाचन क्षेत्र महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा तीन निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जाति (एससी), एक अनुसूचित जनजाति (एसटी) और पांच क्षेत्र अनारक्षित रखे गए हैं। आरक्षित क्षेत्र के संबंध में 31 अक्तूबर तक लिखित में आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं। संबंधित व्यक्ति जिला उपायुक्त जम्मू के समक्ष 31 अक्तूबर तक अपनी आपत्ति दर्ज करवाने सहित सुझाव भी दे सकते हैं। इसके बाद आरक्षण सूचि को अंतिम रूप देने के लिए राज्य चुनाव आयोग के पास भेजा जाएगा।
आरक्षण ड्राफ्ट में जिले की डीडीसी विधानसत्रा क्षेत्रों में अखनूर में महिला (सामान्य), अरनियां में महिला (एससी), भलवाल में सामान्य, भलवाल ब्राह्मणा में सामान्य, बिश्नाह में एससी, डंसाल में एसटी, खौड़ में महिला (सामान्य), मैरा माद्रेयां में सामान्य, मंडला फ्लां में सामान्य, मढ़ में एससी, मीरां साहिब में महिला (एससी), नगरोटा में महिला (सामान्य), आरएस पुरा में एससी और सुचेगढ़ में सामान्य सीट होगी। आरक्षित सीटों पर कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है। इन सीटों को जनसंख्या के आधार पर आरक्षण के लिए ड्राफ्ट किया गया है। जम्मू कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद पहली बार जिला परिषद चुनाव करवाए जा रहे हैं। इसमें प्रत्येक जिले में 14 निर्वाचन क्षेत्र बनाए गए हैं।