गर्मी से तापमान में आएगा बदलाव
- फोटो : file photo
रियासत में आने वाले दिनों में गर्मी और सताएगी। मौसम विभाग की भविष्यवाणी में अगले कई दिन तक मौसम साफ रहने से तापमान में तेजी से उछाल आएगा। बुधवार को जम्मू का दिन का पारा सामान्य से तीन डिग्री चढ़कर 35.1 डिग्री तक पहुंच गया। दूसरे नंबर पर कटड़ा चार डिग्री की बढ़ोतरी के सात 33.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
राज्य के सभी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5-6 डिग्री ऊपर चला गया है। पिछले दिनों खराब मौसम से जहां पारा सामान्य से 16 डिग्री तक नीचे चला गया था वहीं उसमें दो दिन बाद ही तेजी से बढ़ोतरी हुई है। जम्मू में बुधवार दिन की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ गर्मी ने भी अपना रंग दिखाया। दोपहर को सीधी धूप में बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था।
आगामी दिनों में भीषण गर्मी में बिजली और पानी की कटौती भी झेलनी पड़ेगी। गर्मी का बाजार पर भी असर दिख रहा है। लोग खरीदारी के लिए शाम को ही बाहर निकलने को तवज्जो दे रहे हैं। जम्मू के साथ घाटी में भी तपिश बढ़ने लगी है। अमूमन ठंडे रहने वाले श्रीनगर, पहलगाम, गुलमर्ग जैसे इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर चला गया है, जिसके और बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार 17 अप्रैल तक मौसम के साफ रहने के आसार हैं।