रियासत में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। मंगलवार को जम्मू संभाग के अधिकांश हिस्सों में हलकी और तेज बारिश से पारा लुढ़क गया। उधमपुर जिले के कई पहाड़ी इलाकों में मई माह में ठंड ने दोबारा दस्तक दी है। जिला कठुआ के ऊपरी इलाकों में भी यही हाल है। इसके विपरीत कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में बारिश नहीं हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में अधिकांश क्षेत्रों में हलकी बारिश होगी।
पिछले कई दिन से झुलसा देने वाली गर्मी झेल रहे राज्यवासियों को मौसम ने राहत दी है। कठुआ शहर सहित आसपास के इलाकों में तीन मिलीमीटर बारिश हुई। जिले के पर्वतीय इलाके जोड़ेयां माता, बांजल, डग्गर, सरथल, भंडार, डंडी गुट्टू में फुहारों के साथ-साथ धुंध छाई है। बारिश से बनी और बसोहली क्षेत्र में भी पारा गिर गया है। जम्मू में भी बादलों की गरज और हलकी बारिश से सुबह की शुरुआत की।
दिनभर बादलों के छाए रहने से मौसम सुहावना रहा। यहां 0.8 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 34.2 और न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सार्वजनिक स्थलों पर मौसम का मजा लूटने के लिए लोगों की खासी भीड़ पहुंची। रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बादल छाए रहे।
यहां भी पारा सामान्य से पांच डिग्री कम 22.0 और न्यूनतम 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में 1.2 मिलीमीटर बारिश के साथ अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू संभाग के अन्य हिस्सों में भद्रवाह में 1.4, बटोत में सबसे ज्यादा 12.4 मिलीमीटर बारिश हुई।
स्थान - न्यूनतम तापमान
गुलमर्ग - 3.4
लेह - 4.5
कारगिल - 5.0
पहलगाम - 6.7