जम्मू-कश्मीर प्रदेश के मौसम में उतार चढ़ाव का सिलसिला आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के अनुसार 18 से 20 तक कुछ एक क्षेत्रों में बारिश हुआ करेगी। वहीं, 21 सितंबर से मौसम करवट बदलेगा और कई क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला शुरू होगा। रविवार को जम्मू शहर में मौसम साफ बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के लिए मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं।
इससे पहले शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। जम्मू जिले में 3.6 एमएम, कटड़ा में 19.0 एमएम, श्रीनगर में 2.0 एमएम, पहलगाम में 18.1 एमएम, बटोत में 3.4 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। बारिश से प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज होने से मौसम सुहावना रहा।
कश्मीर के श्रीनगर जिले में सामान्य से करीब तीन डिग्री तक अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई। यहां पर दिन का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, पहलगाम में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री कम रहकर 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
जम्मू जिले में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रहकर 33.5 डिग्री सेल्सियस व कटड़ा में दिन का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।