मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम गर्म रहेगा। 29 और 30 मई को कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौजूदा दिन का तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री ऊपर चल रहा है। कश्मीर में इसका अधिक प्रभाव देखा जा रहा है। श्रीनगर में दिनभर मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री चढ़कर 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले 22 मई 2016 को दिन का पारा 31.9 डिग्री सेल्सियस था। यहां आलटाइम 24 मई 1968 को तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, पहलगाम में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री चढ़कर 27.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे पहले 22 मई 2016 को अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यहां आलटाइम मई का अधिकतम तापमान 23 मई 2000 को 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
जम्मू में सुबह से प्रचंड गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया था। दोपहर को सीधी धूप में बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था। शाम को थोड़ी हवा चली, लेकिन दिनभर मौसम साफ रहा। यहां दिन का पारा सामान्य से 2.1 डिग्री चढ़कर 40.1 और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री चढ़कर 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां कितना अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
- जम्मू 40.1
- बनिहाल 29.8
- बटोत 29.9
- कटड़ा 36.4
- भद्रवाह 32.6
- गुलमर्ग 22
- लेह 23.8