जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी से एक दिसंबर के बाद से (करीब 2 माह) चल रहा सूखा खत्म हुआ है। शुक्रवार-शनिवार को कई मैदानी इलाकों में बारिश हुई। वहीं, पीर पंचाल, गुलमर्ग (एक इंच बर्फ गिरी), उत्तरी कश्मीर के एलओसी के पास पर्वतीय क्षेत्रों, गुरेज, पीर की गली, सोनमर्ग, हीरपोरा शोपियां, किश्तवाड़ के पाडर मचैल पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई।
कश्मीर के अधिकतर जिलों में रात का पारा शून्य डिग्री से नीचे चल रहा है, लेकिन जम्मू में दो दिन से धूप खिलने से दिन का पारा सामान्य से 2.0 डिग्री चढ़कर 22.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
28 जनवरी से 3 फरवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 28 जनवरी से 3 फरवरी तक कुछ हिस्सों में बारिश व बर्फबारी के आसार हैं। 28 से 31 जनवरी के बीच बर्फबारी की सूरत में सिंथन पास, मुगल रोड, साधना, राजदान, जोजीला आदि मार्गों पर मौसम एडवाइजरी के तहत यातायात करने की सलाह दी गई है।
पुंछ के निचले क्षेत्रों समेत कई पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश हुई है। वहीं, जम्मू में धूप खिलने से कोहरे से राहत मिली है। दिन में ठंडक का अहसास कम हुआ है, लेकिन रात में कायम है। संभाग के अन्य हिस्सों में भी धूप खिली रही। कश्मीर में भी मौसम साफ रहा। यहां अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 6 से 8 डिग्री ऊपर चल रहा है, लेकिन रात का पारा शून्य डिग्री से नीचे कायम है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार कश्मीर में रात का शून्य डिग्री से नीचे तापमान रहने से आगामी दिनों में पड़ने वाली बर्फ थोड़े समय तक टिकी रहेगी। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री चढ़कर 13.3, पहलगाम में सामान्य से 4.8 डिग्री चढ़कर 9.7 और गुलमर्ग में सामान्य से 2.3 डिग्री चढ़कर 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।