दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार को आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ में मारे गए स्थानीय आतंकी को श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार को घाटी में कई जगह पर बंद रहा। कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन हुए। श्रीनगर के सोवरा क्षेत्र में शरारती तत्वों ने कुछ रेहड़ियों में आग लगा दी। इस दौरान सुरक्षा बलों के साथ भिड़ंत भी हुई। बंद के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा।
मुठभेड़ में जैश ए मोहम्मद के दो आतंकी मारे गए थे। इसमें एक स्थानीय था। बंद के कारण प्रशासन ने कई क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर कई प्रतिबंध लगाए थे। पांच थाना क्षेत्रों में धारा 144 लगाई गई थी।