किश्तवाड़ से लगभग 34 किलोमीटर दूर केशवान नागनीगढ़ इलाके में वीरवार की शाम एक ईको वैन सड़क पर पड़ी बर्फ में फिसलकर 100 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक घायल ने अस्पताल पहुंच कर दम तोड़ दिया। मरने वालों में वाहन चालक व दो सगे भाई भी शामिल हैं। यह सभी नागनीगढ़ गांव के रहने वाले हैं। हादसा गांव से आधा किलोमीटर पहले हुआ।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। उन्हें ट्वीट कर लिखा, 'किश्तवाड़ में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।'
पुलिस के अनुसार, नागनीगढ़ निवासी अब्दुल रहमान की किश्तवाड़ शहर में किराने की दुकान है। वह शाम को दुकान बंद करने के बाद अपनी वैन (जेके17-5089) से गांव जा रहा था। उसके साथ उसका भाई अता मोहम्मद, लतीफ राथर, गुलाम हसन, जुबेर अहमद भी थे जबकि गांव का इरफान नाम का युवक वाहन चला रहा था। पिछले दो दिन से बारिश और बर्फबारी के कारण रास्ते पर काफी फिसलन थी। गांव से आधा किलोमीटर पहले शाम लगभग सवा पांच बजे चालक इरफान का नियंत्रण वाहन से बाहर हो गया और बर्फ पर फिसलते हुए लगभग सौ फुट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति जुबेर अहमद ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सेना ने स्थानीय लोगों की मदद से किया बचाव कार्य
हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग व पास में मौजूद सेना के जवान मौके पर बचाव के लिए पहुंचे। उन्होंने वाहन से पांच शव बरामद किए, और एक गंभीर घायल को वहां से निकालकर जिला अस्पताल भेजा।