अपने भजन का वीडियो वायरल होने से जहरा बेहद खुश है। उसने बताया, 'मैंने जुबिन नौटियाल का एक गाना सुना और मुझे यह बहुत पसंद आया। मैंने सोचा कि अगर यह हिंदी में हो सकता है, तो पहाड़ी में क्यों नहीं हो सकता। फिर इसे पहाड़ी में लिखा और गाया। मैंने इसे रिकॉर्ड किया और अपने सर को दिखाया। उन्होंने इसे पोस्ट किया और यह वायरल हो गया...।'
जहरा ने आगे कहा, 'एलजी (मनोज सिन्हा) को धन्यवाद, उनकी वजह से लोगों के दिमाग से नकारात्मक चीजें दूर हो रही हैं। मेरे मुस्लिम भाइयों ने भी मेरी बहुत सराहना की... हमारे इमाम ने संदेश दिया कि हमें उस देश से प्यार करना चाहिए जिसमें हम रहते हैं... श्री राम को उनकी ईमानदारी और न्याय में विश्वास के कारण 'पुरुषोत्तम' कहा जाता है...।"
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भव्य मंदिर के उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं, जिसमें गणमान्य व्यक्ति और सभी क्षेत्रों के लोग शामिल होंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 22 जनवरी को दोपहर में राम मंदिर के गर्भगृह में राम लला को विराजमान करने का निर्णय लिया है। अयोध्या में राम लला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए वैदिक अनुष्ठान एक सप्ताह पहले 16 जनवरी से शुरू होंगे।
मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर के गर्भगृह के अंदर श्री राम लला की औपचारिक स्थापना की अध्यक्षता करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को पीएम मोदी ने अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले 11 दिवसीय विशेष अनुष्ठान की घोषणा की थी। वाराणसी के एक पुजारी लक्ष्मी कांत दीक्षित 22 जनवरी को राम लला के अभिषेक समारोह का मुख्य अनुष्ठान करेंगे। 14 जनवरी से 22 जनवरी तक अयोध्या में 'अमृत महोत्सव' मनाया जाएगा।