जम्मू कश्मीर पुलिस (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
म्यांमार से जम्मू में बेचने के लिए लाई गई दो रोहिंग्या नाबालिगों को पुलिस ने बरामद किया है। इन दोनों किशोरियों को जम्मू में रहने वाले दो दलालों ने म्यांमार से लाया था। जम्मू पहुंचने पर इनकी शादी कराई जानी थी। इन दोनों बच्चियों को 20 से 50 हजार रुपये देकर वहां से लाया गया।
पुलिस जांच कर रही है कि इन्हें लेकर कौन आया था और इनको किससे शादी कराकर बेचा जाना था। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी जम्मू की ओर से त्रिकुटा नगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। बताया गया कि उनके पास सूचना है कि म्यांमार से दो बच्चियों को खरीदकर लाया गया है, जिनको जम्मू में आगे बेचकर कहीं पर शादी कराई जानी है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम नरवाल इलाके में पहुंची। यहां यह दोनों बच्चियां एक झुग्गी में रह रही थीं। पुलिस ने दोनों को वहां से बरामद किया। इनसे पूछताछ की गई। लेकिन बच्चियां सिर्फ म्यांमार की ही भाषा बोलती हैं। इतना बताया गया कि उनको वहां से कोई लेकर आया था और यहां पर उनकी कहीं पर शादी होनी थी।
पुलिस ने इसे लेकर केस दर्ज कर लिया है। दो आरोपियों की पहचान भी की गई है, लेकिन वह अभी गिरफ्तार नहीं हुए हैं। त्रिकुटा नगर पुलिस स्टेशन में इसे लेकर केस दर्ज है। दोनों बच्चियों की चाइल्ड वेलफेयर देेेखभाल कर रही है।
बता दें कि इसके पहले भी म्यांमार की लड़कियों को जम्मू में लाकर बेचने के मामले सामने आ चुके हैं। नगरोटा में भी इसी तरह का मामला दर्ज किया गया था। शहर के नरवाल, बठिंडी इलाके में इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस ने कई जगहों देर रात छापे मारे, लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं।