उधमपुर शहर में हुए दो बम धमाकों के तार रामनगर से जुड़ रहे हैं। दोनों बसें रामनगर रूट पर चलती थीं और बुधवार को दोनों बसें 18 मिनट के अंतर से रामनगर बस अड्डे से निकली थीं। आशंका है कि आतंकियों ने रामनगर बस अड्डे पर ही विस्फोटक दोनों बसों में रखे थे। इसके लिए रामनगर से लेकर उधमपुर शहर की रेकी की गई थी।
जानकारी के अनुसार दोमेल इलाके में पेट्रोल पंप पर धमाके का शिकार बस (जेके14डी-6857) उधमपुर-बसंतगढ़ रूट पर चलती है, और रामनगर से होकर ही बसंतगढ़ और उधमपुर तक आवाजाही करती है। इसके उधमपुर से रवाना होने का समय सुबह साढ़े सात बजे है।
वहीं, दूसरे धमाके का शिकार बस (जेके14सी-3636) उधमपुर-रामनगर रूट पर चलती है और इसके उधमपुर से निकलने का समय सुबह सात बजे है। उधमपुर से निकलने में दोनों का अंतर 30 मिनट का होता है। बुधवार को पहले धमाके वाले दिन दोनों बसें रामनगर बस अड्डे से 18 मिनट के अंतर से निकली थीं।
बस (जेके14डी-6857) का रामनगर बस अड्डे से निकलने का समय दोपहर 2.50 था। बुधवार को यह बस बसंतगढ़ से देरी से निकली और दोपहर 3.05 पर रामनगर बस अड्डे पर पहुंची। उस समय रामनगर बस अड्डे पर दूसरी बस भी खड़ी थी।
यात्रियों को उतारने और चढ़ाने के बाद यह बस दोपहर 3.12 पर रामनगर बस अड्डे से निकल गई। इसके 18 मिनट बाद दूसरी बस (जेके14सी -3636) भी यात्रियों को लेकर उधमपुर के लिए रवाना हो गई। बसंतगढ़ की बस शाम करीब पांच बजे उधमपुर पहुंची और यात्रियों को उतारने के बाद दोमेल पेट्रोल पंप पर खड़ी कर दी गई।
वहीं, दूसरी बस शाम करीब छह बजे उधमपुर बस अड्डे पर पहुंची और यात्रियों को उतारने के बाद खड़ी कर दी गई। दोनों बसों का कनेक्शन रामनगर बस अड्डे से है। कुछ समय के लिए दोनों बसें एक साथ रामनगर बस अड्डे पर खड़ी हुई थीं।
आशंका है कि रामनगर बस अड्डे से ही इन बसों में टाइमर सेट कर बम रख दिए गए थे और इसके बाद पहला धमाका दोमेल में और दूसरा धमाका बस अड्डे पर हुआ।
बस के समय और पड़ाव की हुई थी रेकी
दोनों बसों में बम रखकर जिस तरह से धमाके किए गए, उससे साफ है कि बसों के रूट, उधमपुर पहुंचने के समय और इन बसों को खड़े करने के पूरे क्रम की रेकी की गई थी। सूत्रों ने बताया कि धमाकों की साजिश को बारीकी से रेकी के बाद ही अंजाम दिया गया है। इसमें न सिर्फ बसों की मालुमात हासिल की गई, बल्कि यह भी मुमकिन है कि बम रखने वालों ने रेकी के लिए इन बसों में सफर भी किया होगा।