जम्मू संभाग जिला पुंछ की सुरनकोट तहसील के बफलियाज ब्लॉक के बैरामगल्ला क्षेत्र में ढैर के जंगलों में छिपे आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम पर फायरिंग कर दी। मंगलवार शाम करीब चार बजे तीन से चार राउंड हुई गोलीबारी में हालांकि किसी भी जवान को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।
घटना के बाद एसओजी और क्षेत्र में तैनात राष्ट्रीय राइफल ने क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। उधर, आतंकियों की तरफ से की गई गोलीबारी के बाद पुंछ से भी एसओजी के अतिरिक्त जवानों को घटनास्थल पर भेजा गया।
गौरतलब है कि सुरनकोट तहसील के इसी क्षेत्र से लगते रतनपास में एक जून की सुबह आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच करीब दस मिनट तक गोलीबारी हुई थी। इसमें एक आतंकी भी घायल हुआ था। हालांकि आतंकी घने जंगलों का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए थे।
आतंकी लगातार बदल रहे ठिकाना
बताया जा रहा है कि देहरागली में सैन्य वाहनों पर हमला कर चार जवानों को बलिदान करने के बाद से आतंकी अपने ठिकाने लगातार बदल रहे हैं। इन आतंकियों की धरपकड़ के लिए सुरक्षा बल तलाशी अभियान चला रहे हैं।