हवाई जहाज की आकृति वाला पाकिस्तानी गुब्बारा
- फोटो : अमर उजाला
पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद फैलाने के लिए नई साजिशें रच रहा है। पहले सरहद पर टनल के जरिए आतंकियों और हथियारों को भेजा। यह तरीका बेनकाब हुआ तो ड्रोन के जरिये हथियार भेजने शुरू किए। अब पाकिस्तान गुब्बारे भेजने शुरू किए हैं। पिछले एक महीने में पाकिस्तान की तरफ से चार बार हवाई जहाज के आकार के गुब्बारे भेजे जा चुके हैं। रक्षा विशेषज्ञ गुब्बारे भेजने को भी पाकिस्तान की साजिश का हिस्सा मान रहे हैं।
सेना के पूर्व कर्नल और रक्षा मामलों के जानकार वी के साही का कहना है कि इसके पीछे दो बड़े कारण हो सकते हैं। पहला यह कि इन गुब्बारों के जरिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी अपने ओजी वर्करों तक कोई संदेश पहुंचाना चाहती हो। दूसरा यह देखने के लिए कि इस पर क्या रिएक्शन आता है। वह यह परखने के लिए करते हैं कि किस क्षेत्र में सतर्कता अधिक है और किसमें कम है।
लोगों को मानसिक तौर पर परेशान करना भी मकसद
सेना के प्रवक्ता का कहना है कि इससे कोई ज्यादा फर्क तो नहीं पड़ सकता, लेकिन पाकिस्तान इसके जरिए भारतीय क्षेत्र में लोगों को मानसिक तौर पर परेशान कर जरूर कर सकता है। यह एक साजिश हो सकती है कि माहौल को तनावपूर्ण बनाया जा सके।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: 28 जून से शुरू हो रही है अमरनाथ यात्रा, ऐसे करवा सकते हैं पंजीकरण
4 जी नेटवर्क शुरू होने के बाद से बढ़ हमले
पिछले कुछ दिनों से कश्मीर संभाग में आतंकी हमलों में इजाफा हुआ है। भाजपा नेताओं से लेकर पुलिस कर्मियों और सीआरपीएफ जवानों पर हमले हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक पीडीपी नेता वहीद पारा पर शिकंजा कसने की वजह से आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं और इसी को लेकर भाजपा नेता और सुरक्षाबलों पर हमले किए जा रहे हैं। सेना के रिटायर कर्नल और रक्षा विशेषज्ञ वी के साही का मानना है कि कश्मीर में 4जी शुरू होने के बाद हमले तेज हुए हैं। आतंकियों का संचार नेटवर्क सक्रिय हुआ है। जो एक बड़ी वजह है।