जम्मू संभाग के जिला पुंछ में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित करमाड़ा सेक्टर में शुक्रवार को सेना, पुलिस और एसओजी की तरफ से तलाशी अभियान चलाया गया। गुरुवार रात क्षेत्र में आतंकी घुसपैठ की कोशिश पर सेना ने गोलीबारी की। दोनों तरफ से गोलियां चलने के बाद कोहरे के बीच रोशनी गोले भी दागे गए। देर रात तक रुक रुक कर गोलीबारी जारी थी। दो से तीन आतंकियों के घुसपैठ की आशंका पर पूरे इलाके में अलर्ट जारी किया गया है।
शुक्रवार को तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने जंगल से दो संदिग्ध बैग बरामद किए हैं। उसके उपरांत लगातार सेना की तरफ से क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात को अचानक से गोलाबारी से वे लोग डर गए थे, लेकिन सेना सतर्क और सक्षम है।
गुरुवार रात करीब पौने आठ बजे करमाड़ा सेक्टर में तैनात सरला बटालियन के अग्रिम चौकी पर तैनात जवानों ने बारिश और धुंध में फेंसिंग के संदिग्ध हलचल देखी। इसके बाद गोलीबारी शुरू कर दी। दूसरी ओर से भी कुछ गोलियां बरसाई गईं। इसके उपरांत सेना की तरफ से रोशनी गोले दागे गए। नियंत्रण रेखा के उस पार से आतंकियों द्वारा खराब मौसम में घुसपैठ के प्रयास किए जाते हैं। ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।