जम्मू-कश्मीर के रियासी की बेटी ने इंग्लैंड में डोगरा परिधान व पहनावे को विशेष पहचान दिलाई है। बर्मिंघम में हुए एक फैशन शो में उनके तैयार किए परिधान को माडल ने रैंप पर प्रदर्शित किया। इन्हें देख लोगों ने खूब प्रशंसा की और उनकी डिजाइन की गई पोशाक की तारीफ की। फैशन शो का आयोजन 24 फरवरी को हुआ।
मूलरूप से कस्बे के वार्ड नंबर चार निवासी अंकुशा शर्मा पुत्री चेतन प्रभु की शादी आरएस पुरा जम्मू में हुई। वर्ष 2010 में अंकुशा पति के साथ इंग्लैंड चली गई और बर्मिंघम में रहने लगीं। पति के काम में व्यस्त रहने के कारण अंकुशा ने फैशन डिजाइनिंग में कदम बढ़ाया और जेए नाम से अपनी फैशन कंपनी खोली।
पिछले दिनों 24 फरवरी को इंग्लैंड के लाइसिस्टर में आयोजित फैशन शो में अंकुशा ने डोगरा परिधानों को तैयार कर उन्हें माडल को पहनाया। रैंप पर माडल ने उनके परिधान का प्रदर्शन किया जिसे खूब वाहवाही मिली।
इंग्लैंड से अंकुशा ने बताया कि लांग शर्ट व उसके साथ पायजामे को खूब प्रशंसा मिली। इसके साथ ही दुल्हन की डोगरा ड्रेस भी लोगों को खूब पसंद आई। अंकुशा ने बताया कि वह पहले भी फैशन शो में हिस्सा ले चुकी हैं। इस बार के फैशन शो में उन्होंने कुछ अलग करने की सोची, जिसके बाद उन्होंने जम्मू कश्मीर में डोगरा कल्चर पहनावे को बढ़ावा दिया।