रिश्वत मामले में जमानत पर चल रहे बाहु तहसील के पूर्व तहसीलदार रोहित कुमार के खिलाफ फिर से जांच बिठाई गई है। सीबीआई ने रोहित के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। जबकि शिकायत करने वाले सुमिंदर सिंह पर एफआईआर की गई है।
बुधवार को सुमिंदर के मीरां साहिब स्थित नड़ी गांव में सीबीआई की टीम ने दबिश दी। इस दौरान आवास से कुछ अहम दस्तावेज और इलेक्ट्राॅनिक उपकरण जब्त किए गए। सीबीआई ने इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
तहसीलदार रोहित के खिलाफ भ्रष्टाचार और शिकायतकर्ता सुमिंदर के खिलाफ जमीन का हेरफेर करने का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार एंटी करप्शन ब्यूरो ने 14 नवंबर, 2022 को जम्मू की बाहु तहसील के तहसीलदार रोहित शर्मा को रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
हालांकि इस मामले में तहसीलदार को दिसंबर, 2022 को जमानत मिल गई। लेकिन बाद में सरकार ने एसीबी से इस मामले को सीबीआई के पास ट्रांसफर कर दिया। अब सीबीआई ने रिश्वत लेने और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर रोहित कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले में आगे की जांच होगी। सूत्रों की मानें तो सरकार एंटी करप्शन ब्यूरो की जांच से असंतुष्ट थी, इसलिए जांच को एसीबी से सीबीआई के पास ट्रांसफर कर दिया। वहीं सुमिंदर सिंह के खिलाफ सीबीआई ने जमीनों के हेरफेर का मामला दर्ज किया है।
वह त्रिकुटा नगर में एक प्राइम लैंड को फर्जी तरीके से अपने नाम करवाना चाहता था। यह वहीं जमीन है, जिसका फर्द काटने के लिए तहसीलदार रिश्वत लेता गिरफ्तार किया गया था।
सीबीआई अब दोनों ही मामले में अलग अलग जांच करेगी। बुधवार सीबीआई की टीम ने सुमिंदर सिंह के घर पर छापा मारा। उससे पूछताछ की और कई तरह के दस्तावेज बरामद किए।